Home » बीजापुर के अंकित सकनी ने UPSC में पाई सफलता, 816वीं रैंक पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

बीजापुर के अंकित सकनी ने UPSC में पाई सफलता, 816वीं रैंक पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अंकित सकनी की उपलब्धि बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

by Nishanebaaj
0 comments

रायपुर, बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से गांव गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है।

अंकित सकनी की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे और उनके माता-पिता से बातचीत कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अंकित की सफलता को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह साबित कर दिया है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी अंचल के छोटे से गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी में सफलता प्राप्त करना गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अंकित सकनी की उपलब्धि बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश है। इससे यह प्रेरणा मिलती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।

banner

प्रदेश सरकार भी युवाओं को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित कर रही है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता से राज्य में शिक्षा और प्रतिस्पर्धा की नई ऊर्जा पैदा होती है।

अंकित सकनी की सफलता से उनके गांव गुदमा और पूरे बीजापुर जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।

You may also like