Home » छत्तीसगढ़ में 370 नई एम्बुलेंस सेवाओं का शुभारंभ, CM साय ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ में 370 नई एम्बुलेंस सेवाओं का शुभारंभ, CM साय ने दिखाई हरी झंडी

इनमें 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा राज्यभर में प्रभावी रूप से शुरू हो गई है।

by Nishanebaaj
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 370 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा राज्यभर में प्रभावी रूप से शुरू हो गई है।

इस पहल की खास बात यह है कि पहली बार प्रदेश में 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस शुरू की गई हैं, जो नवजात शिशुओं के लिए “चलते-फिरते ICU” की तरह काम करेंगी। इन एम्बुलेंसों में इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों के साथ प्रशिक्षित स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों का ऑनलाइन मार्गदर्शन भी उपलब्ध रहेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि हर जरूरतमंद तक समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से आम जनता का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास और मजबूत होगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इससे लाखों लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलेगी और आपातकालीन सेवाओं में सुधार आएगा।

banner

नई एम्बुलेंसों में मरीजों की प्राथमिक और उन्नत जांच के लिए बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी और ग्लूकोमीटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। साथ ही गंभीर मरीजों के लिए पोर्टेबल वेंटिलेटर और अन्य जीवनरक्षक उपकरण भी लगाए गए हैं।

यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, त्वरित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

You may also like