रायपुर, राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को होली का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ रंगों का यह पावन त्योहार हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया। पारंपरिक फाग गीतों और उत्सवी माहौल के बीच सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी, वहीं मुख्यमंत्री श्री साय ने भी आत्मीयता के साथ सभी को गुलाल लगाते हुए स्नेह, विश्वास और भाईचारे का संदेश दिया। मुख्यमंत्री निवास परिसर रंगों और खुशियों से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता और सकारात्मकता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे त्योहार हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली मिलन समारोह में सभी से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने प्रदेशवासियों के स्नेह और विश्वास को अपनी जनसेवा की प्रेरणा बताया। उनके अनुसार, जनता का आशीर्वाद ही विकास और सुशासन के संकल्प को मजबूती देता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और खुशहाली लेकर आए तथा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार, रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सहित मुख्यमंत्री सचिवालय और निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
- मातृत्व वंदना योजना में छत्तीसगढ़ नंबर-1, तेज मंजूरी और शिकायत निपटान से हासिल की बड़ी सफलता
- सुकमा के गोगुंडा में 78 साल बाद जली बिजली, लाल आतंक के साये से विकास की रोशनी तक पहुंचा पहाड़ी गांव
- अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस पर CM साय का बड़ा संदेश, विकास और संस्कृति संरक्षण का दोहराया संकल्प
- उदयपुर में रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा की शाही शादी, तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों से लिए फेरे
