Home » महावीर जयंती पर CM साय का संदेश—सत्य और अहिंसा ही समाज को आगे बढ़ाने का मार्ग

महावीर जयंती पर CM साय का संदेश—सत्य और अहिंसा ही समाज को आगे बढ़ाने का मार्ग

मुख्यमंत्री ने समाज सेवा, शिक्षा, पत्रकारिता और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को “जैन रत्न अलंकरण” से सम्मानित किया।

by Nishanebaaj
0 comments

रायपुर, भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान महावीर का सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। वे राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित दादाबाड़ी तीर्थ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने जिनमंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज सेवा, शिक्षा, पत्रकारिता और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को “जैन रत्न अलंकरण” से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या, करुणा और आत्मसंयम का प्रतीक है। उनका संदेश आज भी समाज को हिंसा से दूर रहकर शांति और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि महावीर जयंती के इस पावन अवसर पर देश नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में नक्सलवाद एक बड़ी बाधा रहा है, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इस दिशा में निर्णायक प्रगति हो रही है। उन्होंने भगवान महावीर से प्रार्थना की कि प्रदेश में शांति और विकास का यह वातावरण हमेशा बना रहे।

उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में सुशासन के संकल्प के साथ कई योजनाओं को गति दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों को पक्के मकान, किसानों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता और रामलला दर्शन योजना के जरिए श्रद्धालुओं को अयोध्या यात्रा का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणादायी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और जैन समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

You may also like