Home » नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात

नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संसद का उच्च सदन राज्यसभा देश की नीति और कानून निर्माण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

by Nishanebaaj
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ से नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने सोमवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। यह मुलाकात छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में हुई।

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यसभा में वे छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों और आमजन की अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संसद का उच्च सदन राज्यसभा देश की नीति और कानून निर्माण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में वहां प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों की जिम्मेदारी भी बड़ी होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लक्ष्मी वर्मा अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगी।

इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय से विकास को नई गति मिल रही है।

banner

मुलाकात के दौरान विधायक श्री किरण सिंह देव, विधायक श्री अनुज शर्मा और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा में चुने जाने के बाद लक्ष्मी वर्मा की यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पहली औपचारिक मुलाकात थी, जिसमें उन्होंने प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

You may also like