रायपुर, जनसंपर्क विभाग में 36 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले अपर संचालक श्री जवाहर लाल दरियो को सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई दी गई। नवा रायपुर स्थित ‘संवाद’ के ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल सहित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया।
कार्यक्रम में आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने श्री दरियो की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और विभाग के प्रति उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री दरियो ने अपने लंबे कार्यकाल में जनसंपर्क विभाग की गरिमा और विश्वसनीयता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने उनके साथ कार्य के अनुभव साझा करते हुए बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के दौरान श्री दरियो ने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। अपर संचालक श्री संजीव तिवारी ने उनकी सरलता, सौम्यता और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक श्री आलोक देव ने किया और श्री दरियो के जीवनवृत्त एवं सेवा यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्री दरियो ने विभाग में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सदैव अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
अपने उद्बोधन में श्री दरियो ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और टीम भावना के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।
समारोह में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
- बीजापुर में पुनर्वासित महिलाओं को मिल रहे आत्मनिर्भरता के नए अवसर, सिलाई प्रशिक्षण से बदल रही जिंदगी
- मोहनलाल बर्थडे स्पेशल: ‘लालेट्टन’ की 5 दमदार परफॉर्मेंस, जिन्हें हर सिनेप्रेमी को दोबारा देखना चाहिए
- जनगणना 2027 में छत्तीसगढ़ ने पकड़ी रफ्तार, 60% से अधिक मकान सूचीकरण पूरा; GPM जिला बना नंबर-1
- सुशासन तिहार का असर: कुकरेल समाधान शिविर में 266 आवेदनों का मौके पर निपटारा, ग्रामीणों ने सराहा प्रशासनिक तत्परता
