Home » अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बलरामपुर में योग का उत्साह: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया स्वस्थ जीवन, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बलरामपुर में योग का उत्साह: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया स्वस्थ जीवन, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है।

by News Desk
0 comments

बलरामपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले में शनिवार को बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने हिस्सा लिया और नागरिकों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया।

जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में योग को स्वास्थ्य एवं मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। वर्तमान की व्यस्त जीवनशैली में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग बेहद आवश्यक है। योग व्यक्ति में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करता है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन और मकरासन सहित विभिन्न योगासनों के साथ भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। बड़ी संख्या में लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

banner

इस अवसर पर मंत्री ने स्काउट-गाइड, रोवर और रेंजर विद्यार्थियों से संवाद कर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मौलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया और युवाओं से योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

You may also like