रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” और “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और अपनत्व को मजबूत करने का पर्व है। यह त्योहार आपसी गिले-शिकवे भुलाकर रिश्तों को नई शुरुआत देने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की एक समृद्ध परंपरा रही है। प्रेस क्लब वर्षों से होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता आ रहा है। उन्होंने कामना की कि यह उत्सव सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और उल्लास लेकर आए।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अनोखे अंदाज में स्वागत किया। उन्हें मिर्ची की माला पहनाई गई और त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ सभी का अभिवादन स्वीकार किया और होली विशेषांक ‘नानसेंस टाइम्स’ का विमोचन किया।
समारोह का उत्साह उस समय और बढ़ गया जब मुख्यमंत्री ने स्वयं नगाड़ा बजाकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। उनके नगाड़ा बजाते ही उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर फाग गीतों के साथ पूरा परिसर रंगों और उमंग में झूम उठा। मुख्यमंत्री भी पत्रकार साथियों के साथ इस आनंदोत्सव में सहभागी बने।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, सलाहकार श्री आर कृष्णा दास, सांसद श्री संतोष पांडेय, विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी सहित अनेक पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन सौहार्द और भाईचारे का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
- रायपुर में 27-28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर जुटेंगे वैश्विक प्रतिनिधि
- How South Africans can travel abroad visa-free by teaching English and how much they get paid
- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों का आगमन शुरू, अरुणाचल टीम का भव्य स्वागतखेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026
- Planning to renovate your home interiors? Check decor tips as per trends in 2022
