रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों और जनभागीदारी को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कोरिया जिले में जल संरक्षण के प्रयासों की प्रधानमंत्री द्वारा की गई सराहना को छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर किए जा रहे नवाचार अब राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं। ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे मॉडल के जरिए किसानों ने रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल को सहेजने का सराहनीय कार्य किया है, जिससे भूजल स्तर में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और प्रदेशवासियों से इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है और छत्तीसगढ़ भी इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने ‘मन की बात’ में उठाए गए अन्य विषयों—मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भरता, फिटनेस, शुगर सेवन में कमी और खेलों के अनुकूल वातावरण—को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने पश्चिम एशिया की स्थिति के संदर्भ में प्रधानमंत्री के संदेश का जिक्र करते हुए प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही लोगों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।

