मुंबई, बॉलीवुड एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर पत्रलेखा ने हाल ही में बॉडी शेमिंग को लेकर पैपराजी पर नाराजगी जताई है। एक पैपराजी पेज द्वारा उनके बढ़े हुए वजन पर की गई टिप्पणी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कड़ा जवाब दिया और लोगों से संवेदनशील बनने की अपील की।
दरअसल, एक वायरल वीडियो में पत्रलेखा अपनी कार से उतरती नजर आ रही थीं, जबकि उनके पीछे उनके पति और अभिनेता राजकुमार राव भी दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो को शेयर करते हुए पैपराजी पेज ने कैप्शन लिखा—“इन्हें क्या हो गया है?” इस टिप्पणी को पत्रलेखा के पोस्टपार्टम लुक, यानी डिलीवरी के बाद बढ़े वजन से जोड़कर देखा गया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पत्रलेखा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “मुझे क्या हुआ है? मैंने अभी एक बच्चे को जन्म दिया है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेग्नेंसी के बाद शरीर में बदलाव पूरी तरह स्वाभाविक हैं और इसे लेकर इस तरह की टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने “पहाड़ जितना खाना नहीं खाया”, बल्कि यह उनके शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया है।
पत्रलेखा ने आगे कहा कि समाज को इस तरह के मुद्दों पर अधिक संवेदनशील और दयालु होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के शरीर पर टिप्पणी करने से पहले उसकी परिस्थितियों को समझें।
एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि मां बनने के बाद भी वह अपनी प्रोफेशनल जिम्मेदारियों को निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक साथ दो फिल्मों का प्रोडक्शन पूरा किया है, जो किसी चुनौती से कम नहीं है। उन्होंने लिखा कि अगर यह उनके नियंत्रण में होता, तो वह खुद को अलग तरीके से प्रस्तुत करतीं, लेकिन शरीर की अपनी प्रक्रिया होती है।
गौरतलब है कि पत्रलेखा और राजकुमार राव ने 15 नवंबर 2025 को अपनी बेटी ‘पार्वती पॉल राव’ का स्वागत किया था। पत्रलेखा का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग उनके समर्थन में सामने आ रहे हैं।

