रायपुर, भारत को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी को राज्य सरकार ने 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया है। यह छत्तीसगढ़ में किसी खिलाड़ी को दी गई अब तक की सबसे बड़ी प्रोत्साहन राशि है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित समारोह में संजू को चेक सौंपा।
संजू देवी ने अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्वकप में उन्हें “मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर” चुना गया था। फाइनल मुकाबले में भारत के कुल 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने हासिल किए थे। सेमीफाइनल सहित पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने टीम को चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू श्रमिक परिवार से आती हैं। उन्होंने बिलासपुर के बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारत को खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने संजू को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संजू की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। वहीं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि संजू का प्रदर्शन छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाला है और सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दे रही है।
संघर्ष और मेहनत से सफलता हासिल करने वाली संजू देवी आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि संसाधनों की कमी के बावजूद दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता पाई जा सकती है।
- छत्तीसगढ़ में 370 नई एम्बुलेंस सेवाओं का शुभारंभ, CM साय ने दिखाई हरी झंडी
- रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर से बदलेगा बस्तर का भविष्य, 4 घंटे में समंदर तक पहुंच
- छत्तीसगढ़ कॉमन्स कन्विनिंग की शुरुआत, पेसा-एफआरए समन्वय के लिए बनेगा टास्क फोर्स
- देवखोल में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, 6 टन से ज्यादा कोयला जब्त
