रायपुर, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच एक बार फिर रायपुर में देखने को मिलेगा। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दो अहम मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस खबर से जबरदस्त उत्साह है, वहीं टिकट की संभावित कीमतों ने भी चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मैचों के लिए टिकट की कीमतें करीब 2000 रुपए से शुरू होकर प्रीमियम कैटेगरी में 40 हजार रुपए तक जा सकती हैं। हालांकि, इन दरों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए की जाएगी और संभावना है कि 25 अप्रैल के बाद टिकट उपलब्ध होने लगेंगे।
BCCI के शेड्यूल के मुताबिक, रायपुर में दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
IPL जैसे बड़े आयोजन की वापसी से रायपुर शहर में न केवल खेल का माहौल बनेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। होटल इंडस्ट्री, ट्रांसपोर्ट, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों में अच्छी खासी रौनक देखने को मिल सकती है।
गौरतलब है कि अलग-अलग शहरों में IPL टिकट की कीमतें स्टेडियम की क्षमता, मांग और सीटों की कैटेगरी के आधार पर तय होती हैं। इसी कारण रायपुर में भी टिकट दरों में विविधता देखने को मिलेगी।
फिलहाल क्रिकेट फैंस को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन इतना तय है कि मई में रायपुर एक बार फिर IPL के रोमांच से सराबोर नजर आएगा।

