रायपुर,छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ताहीन कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्य में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह निर्देश मंत्रालय महानदी भवन में लोक निर्माण विभाग (PWD) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद निरीक्षण करने के बजाय निर्माण के दौरान ही नियमित रूप से फील्ड में जाकर गुणवत्ता की निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा से सीधे जुड़ी होती हैं और उनकी गुणवत्ता से ही सरकार की छवि बनती है। यदि सड़कें कुछ वर्षों में ही खराब हो जाती हैं तो इससे सरकार की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बागबहार–कोतबा सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और निर्माण में हुई कमियों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई सड़क चार वर्ष भी नहीं चलती है तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि टेंडर जारी होने से लेकर कार्य आवंटन तक की प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। कई ठेकेदार कम दर पर टेंडर लेकर काम में देरी करते हैं या गुणवत्ता से समझौता करते हैं, ऐसी स्थिति में उनकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
समीक्षा बैठक में प्रदेश के लगभग 300 ऐसे गांवों को भी चिन्हित करने की जानकारी दी गई, जहां बारिश के दौरान संपर्क टूट जाता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन गांवों को सड़क और पुल-पुलियों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों के निर्माण में आधुनिक डिजाइन और तकनीक अपनाने पर भी जोर दिया, ताकि बेहतर उपयोगिता और आकर्षक संरचना सुनिश्चित की जा सके।
- राज्यपाल रमेन डेका का विधानसभा में अभिभाषण: 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का विजन, किसान-युवा-महिला सशक्तिकरण पर जोर
- Cheap and cheerful: Yotam Ottolenghi’s recipes for budget and healthy cooking
- बिलासपुर की महिलाओं ने रची सफलता की मिसाल: टेंट हाउस बिजनेस से 12 महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर
- अमित शाह ने रायपुर में लॉन्च की ‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112’ सेवा, 400 आपातकालीन वाहन और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को दिखाई हरी झंडी
