खेल डेस्क, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में चार बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
इस जीत के साथ भारत ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में अब तक कुल 88 छक्के लगाए हैं, जो किसी एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड है। भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी ने पूरे टूर्नामेंट में विपक्षी टीमों पर दबाव बनाए रखा।
इस मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार 89 रन की पारी खेली। उनकी यह पारी टी20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारियों में शामिल हो गई है। सैमसन ने इस उपलब्धि के साथ विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
भारत इससे पहले 2007, 2014 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच चुका है। अब 2026 में फाइनल में जगह बनाकर टीम ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें अब तक तीन-तीन बार ही फाइनल तक पहुंच पाई हैं।
इसके अलावा टीम इंडिया लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम भी बन गई है। इससे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान (2007 और 2009) तथा श्रीलंका (2012 और 2014) ने हासिल की थी।
दिलचस्प बात यह भी है कि भारत आईसीसी व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में लगातार चौथा फाइनल खेल रहा है। इससे पहले टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी पहुंच चुकी है। अब फैंस की नजरें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।

