Home » T20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल: न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, ईडन गार्डन्स में SA से भिड़ंत

T20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल: न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, ईडन गार्डन्स में SA से भिड़ंत

करो या मरो के इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

by Nishanebaaj
0 comments

खेल डेस्क, भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल आज कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा।

करो या मरो के इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सैंटनर ने बताया कि टीम में मैट हेनरी और जिमी नीशम की वापसी हुई है, जिससे गेंदबाजी और ऑलराउंड विकल्प मजबूत हुए हैं।

वहीं दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन और केशव महाराज की वापसी की पुष्टि की। इन खिलाड़ियों की एंट्री से टीम की गेंदबाजी आक्रमण और संतुलित नजर आ रहा है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा कड़ा रहा है। मौजूदा टूर्नामेंट में भी ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को हराया था। हालांकि न्यूजीलैंड बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए सेमीफाइनल में पहुंची।

banner

दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है और सभी मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई है। वहीं न्यूजीलैंड को दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने महत्वपूर्ण मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया।

ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, हालांकि शाम के मुकाबले में ओस का असर गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकता है। ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला रणनीतिक माना जा रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम फाइनल का टिकट कटाती है और किसका सफर यहीं थम जाता है।

You may also like