रायपुर, 21 मई 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले के रामानुजनगर-पटना में आयोजित समाधान शिविर में कहा कि “सुशासन तिहार 2026” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकार खुद लोगों के द्वार तक पहुंचकर शिकायतों और जरूरतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने रामपुर-रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम, पटना में हायर सेकेंडरी स्कूल तथा सूरजपुर पॉलीटेक्निक की बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत यह उनका 11वां जिला दौरा है और 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों का भ्रमण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व मामलों और लंबित शिकायतों की समीक्षा की जा रही है ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस दिया गया है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। साथ ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं।
महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी, जहां नागरिक टोल-फ्री नंबर पर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री किसान रघुनंदन सिंह के घर पहुंचे और सरई पत्तों के दोने-पत्तल में परोसे गए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद लिया। मिट्टी के चूल्हे पर बने स्थानीय भोजन के जरिए मुख्यमंत्री ने ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं से अपने जुड़ाव का संदेश दिया।
- Cheap and cheerful: Yotam Ottolenghi’s recipes for budget and healthy cooking
- रोहित शेट्टी फायरिंग केस: यूपी से 9वां आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए गैंग से जुड़ा था प्रदीप
- सचिन तेंदुलकर के बस्तर दौरे से खेल क्रांति की शुरुआत, सीएम बोले- बदलते बस्तर की नई पहचान
- Moroccan chicken, kisir and corn salad: recipes from Chefs in Schools
