रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सिनेमा समाज की सोच, संस्कृति और संवेदनाओं को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर में संस्कृति विभाग और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम द्वारा आयोजित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माताओं, कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय सिनेमा ने समय-समय पर सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने ‘मदर इंडिया’ जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों ने नैतिक मूल्यों, त्याग और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली फिल्म ‘कही देबे संदेश’ ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मजबूत संदेश दिया था, जबकि आज छालीवुड की फिल्में मनोरंजन के साथ व्यावसायिक सफलता भी हासिल कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल और ओटीटी प्लेटफॉर्म के विस्तार से फिल्मों की पहुंच व्यापक हुई है। ऐसे समय में जिम्मेदार, सकारात्मक और मूल्य आधारित सिनेमा को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने और स्थानीय कलाकारों को अवसर प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 150 करोड़ रुपये की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एवं कल्चरल कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जा रहा है। इससे फिल्म निर्माण, रोजगार और फिल्म पर्यटन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में 11 देशों में सम्मानित छत्तीसगढ़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘छत्तीसगढ़ का भीम – चिंताराम’ का विशेष प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र स्थित गिधनी पाठ के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तथा धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में फिल्म जगत से जुड़े अनेक कलाकार, निर्माता, निर्देशक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- Moroccan chicken, kisir and corn salad: recipes from Chefs in Schools
- बिहान योजना से बदली हरमानिया देवी की जिंदगी, संघर्ष से बनीं ‘लखपति दीदी’
- दुर्ग के ग्राम समोदा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से हटाया गया शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा
- तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए बड़ा फैसला, 13 लाख परिवारों को मिलेगा फायदा; 920 करोड़ भुगतान का अनुमान
